प्रिया सिंह के जाते ही कानपुर देहात की कानून व्यवस्था में बड़ा फेरबदल, इन अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने जारी किया क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल का आदेश।

कानपुर देहात: यूपी में प्रशासनिक फेरबदल के बीच कानपुर देहात में पुलिस कप्तानी का बड़ा चाबुक चला है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के लिए क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से बड़ा बदलाव कर दिया है। यह आदेश पुलिस उपाधीक्षक प्रिया सिंह के कानपुर देहात से जनपद झांसी स्थानांतरण होने के बाद रिक्त हुए पदों और कार्यभार को संतुलित करने के लिए जारी किया गया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब तक क्षेत्राधिकारी यातायात, अपराध और यूपी-112 की जिम्मेदारी संभाल रहे संजय कुमार गुप्ता को एक बहुत ही महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अब सर्किल डेरापुर का नया क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे सर्किल डेरापुर के अंतर्गत आने वाले थाना डेरापुर, मंगलपुर और बरौर के अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के समस्त कार्यों का संपादन करेंगे। उनकी पुरानी जिम्मेदारियां यानी क्षेत्राधिकारी यातायात, अपराध और यूपी-112 का कार्यभार भी उन्हीं के पास बना रहेगा।
इसी क्रम में, अब तक सर्किल डेरापुर की कमान संभाल रहे क्षेत्राधिकारी सौरभ कुमार वर्मा को वहां से हटाकर सर्किल सिकंदरा का नया क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। सौरभ कुमार वर्मा अब सर्किल सिकंदरा के तहत आने वाले थाना सिकंदरा, राजपुर और अमराहट में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की कमान संभालेंगे। इसके अलावा उन्हें क्षेत्राधिकारी लाइन्स के कार्यों का अतिरिक्त उत्तरदायित्व भी सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने इस आदेश को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उक्त आवंटित कार्यों के अतिरिक्त सौंपे गए अन्य सभी कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है, ताकि जिले की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में कोई ढील न आए।



