कानपुर देहात- कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने युवाओं को दिया स्वरोजगार का मंत्र: मलासा ब्लॉक में बताया कैसे मिलेगी सरकारी मदद और नौकरी
कानपुर देहात के मलासा में खादी ग्रामोद्योग के जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचे राकेश सचान, बेरोजगार युवक युवतियों को खुद का उद्योग लगाने के लिए किया जागरूक।

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय कानपुर देहात द्वारा मलासा विकास खंड परिसर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और बेरोजगार युवक युवतियों को अपना खुद का उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
राकेश सचान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना और टूलकिट वितरण जैसी अहम योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें और दूसरों को भी रोजगार दें।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख स्वतंत्र पासवान और जिला महामंत्री भाजपा सत्येंद्र सिंह चौहान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी ग्राम प्रधानों और बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों को अपने विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, एसडीएम भोगनीपुर, खंड विकास अधिकारी मलासा सहित अंकिता, राकेश कुमार गुप्ता, शिवेन्द्र सिंह और शिवम शुक्ला ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई और प्रतिभागियों को रोजगार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
ये भी पढे- कानपुर में कानून व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, हर मोर्चे पर हुआ बदलाव: राकेश सचान



