फोन हैक कर ठगे गए ₹22,930 शिवली पुलिस ने कराए वापस, पीड़ित ने जताया खाकी का आभार
जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस की 'साइबर हेल्प डेस्क' ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक पीड़ित के खाते से हैकिंग के जरिए उड़ाए गए पूरे ₹22,930 वापस करा दिए हैं

शिवली। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस की ‘साइबर हेल्प डेस्क’ ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक पीड़ित के खाते से हैकिंग के जरिए उड़ाए गए पूरे ₹22,930 वापस करा दिए हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरमिन निवादा (थाना शिवली) निवासी जितेन्द्र सिंह पुत्र तेज सिंह का मोबाइल फोन बीती 8 जून 2026 को साइबर ठगों ने हैक कर लिया था और उनके खाते से ₹22,930 पार कर दिए थे। पीड़ित ने उसी दिन तत्काल थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार और महिला आरक्षी प्रीति सोनकर की टीम ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए आज 25 जून 2026 को पीड़ित की डूबी हुई पूरी रकम उनके खाते में सुरक्षित वापस करा दी। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने शिवली पुलिस का सहृदय धन्यवाद दिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने पर तुरंत ‘संचार साथी’ ऐप या https://www.ceir.gov.in पर और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या https://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



