कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

पत्नी से बदतमीजी का बदला: स्टील प्लांट के कर्मचारी ने डंडे से पीटकर कुलदीप को उतारा था मौत के घाट, रनियां पुलिस ने किया गिरफ्तार

कानपुर देहात के खानचंद्रपुर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने हत्यारे नील कुमार को आलाकत्ल के साथ दबोचा

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रनियां थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 25 जून 2026 को हुए कुलदीप हत्याकांड का महज 4 दिनों के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

किराएदार की बदतमीजी पर आया गुस्सा और कर दी हत्या

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त नील कुमार (उम्र 20 वर्ष), जो मूल रूप से उन्नाव के बछौरा का निवासी है और वर्तमान में खानचंद्रपुर में किराए पर रहता था, ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह रनिया क्षेत्र की एक स्टील प्लांट कंपनी में काम करता है। घटना के दिन उसकी पत्नी ने फोन पर सूचना दी कि साथ में ही किराए पर रहने वाला कुलदीप उसके साथ बदतमीजी कर रहा है। इस बात से गुस्से में आकर नील कुमार सीधे फैक्ट्री से घर पहुंचा। वहां कुलदीप को अपनी पत्नी के पास खड़ा देख उसने पास के खेत से बांस का डंडा उठाया और उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे कुलदीप की मौत हो गई।

शुरुआती नामजदगी के बाद साक्ष्यों से खुला असली राज

मामले की शुरुआत 25 जून को हुई थी, जब मृतक कुलदीप की पत्नी पूजा ने मकान मालिक राजीव और उसके बेटों सुनील व सुशील के खिलाफ भारी चीज से मारकर हत्या करने की नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जब गहराई से जांच और साक्ष्य जुटाए, तो कड़ियां नील कुमार से जाकर जुड़ीं। रनियां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 जून 2026 को नील कुमार को खानचंद्रपुर स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशादेही पर हत्या में इस्तेमाल बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को चार साल की जेल कोर्ट ने लगाया पांच हजार का जुर्माना


Related Articles

AD
Back to top button