कानपुर देहात: दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक पर दर्दनाक हादसा, 20 साल की अज्ञात युवती का मिला क्षत-विक्षत शव, हाथ पर लिखा ‘राधा’ और ‘I Love You RA’
मृतका के हाथ पर बने टैटू "I Love You RA" और "राधा" को पुलिस मान रही मुख्य सुराग।

कानपुर देहात। कानपुर देहात से गुजरने वाले दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना मंगलपुर की झींझक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 1:30 बजे झींझक रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही झींझक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन झींझक की पश्चिमी क्रॉसिंग और अक्षयवट धाम के पास खंभा संख्या 1081/12A की डाउन लाइन पर करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिला।
पुलिस के अनुसार, मृतका ने भूरी रंग की कैफरी और हल्के नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। शव की स्थिति काफी क्षत-विक्षत होने के कारण प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवती ट्रेन की चपेट में आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने उसके शरीर पर बने टैटू को महत्वपूर्ण सुराग माना है। युवती के बाएं हाथ पर “I Love You RA” और “राधा” लिखा हुआ टैटू बना है, जबकि दूसरे हाथ पर भी टैटू बना हुआ है। पुलिस आसपास के थानों सहित अन्य जिलों से भी गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है ताकि शव की पहचान कराई जा सके।
ये भी पढे- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से विवेक कुमार ने स्थापित किया फर्नीचर उद्योग
झींझक चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतका की शिनाख्त कराने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



