कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार शख्स के खाते में वापस कराए पूरे 93,339 रुपये

मंगलपुर थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने कराई पूरी रकम की सुरक्षित वापसी।

कानपुर देहात में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक बड़ी कामयाबी मिली है। थाना मंगलपुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक पीड़ित के खाते से ठगे गए पूरे 93,339 रुपये सुरक्षित वापस करा दिए हैं। अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।

मामला मंगलपुर थाना क्षेत्र के जसापुर गांव का है। यहां के निवासी भारत सिंह पुत्र झुमक लाल को एक साइबर ठग ने झांसे में लिया था। ठग ने पीड़ित को रुपये भेजने का बहाना बनाया और उनके मोबाइल पर एक पेमेंट रिक्वेस्ट लिंक भेज दिया। जैसे ही पीड़ित ने यूपीआई के माध्यम से उस पर क्लिक किया, उनके खाते से 93,339 रुपये गायब हो गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मंगलपुर थाने की साइबर हेल्प डेस्क में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे और कांस्टेबल रवि चौहान की टीम तुरंत एक्शन में आई। साइबर हेल्प डेस्क ने तकनीकी जांच और त्वरित पैरवी के जरिए ठगी गई पूरी धनराशि को फ्रीज कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शिकायतकर्ता के बैंक खाते में पूरी रकम वापस करा दी।

इस बड़ी राहत के बाद पीड़ित ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की। पुलिस ने इस मौके पर आम जनता से अपील की है कि अगर किसी का मोबाइल फोन खो जाता है, तो वे सीईआईआर पोर्टल और संचार साथी एप्लीकेशन पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक साइबर क्राइम वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक पर दर्दनाक हादसा, 20 साल की अज्ञात युवती का मिला क्षत-विक्षत शव, हाथ पर लिखा ‘राधा’ और ‘I Love You RA’


 

Related Articles

AD
Back to top button