कानपुर देहात में करंट लगने से महिला की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
सफाई करते समय स्टे वायर से छू गया था हाथ, ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश

कानपुर देहात: जनपद के डेरापुर थाना क्षेत्र के मवई मुक्ता गांव में गुरुवार सुबह बिजली के पोल के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।मृतका की पहचान अजय संखवार की 30 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक संगीता अपने घर के बाहर साफ सफाई कर रहीं थीं तभी उनका हांथ बिजली के पोल के स्टे वायर से छू गया।स्टे वायर में करंट प्रवाहित हो रहा था जिससे संगीता उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई।चीख पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह से संगीता को करंट से अलग किया। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में संगीता की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।जिसके बाद एस आई राजवीर सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से महिला की मौत की बात सामने आई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।वहीं घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग से घटना की जांचकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है।



