कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: मूसानगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 25 जुलाई की ऑटो लूट का सफल अनावरण, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, 2 गिरफ्तार

लूट का ऑटो रिक्शा पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

अमन यात्रा लाइव (कानपुर देहात)। कानपुर देहात के थाना मूसानगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 जुलाई को हुई ऑटो लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। 31 जुलाई 2026 की भोर में गजनेर-चांदपुर मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर मौके से दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मूसानगर पुलिस को यह कामयाबी मिली है। मूसानगर क्षेत्र में 25 जुलाई को हुई ऑटो लूट के मामले में पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।

कानपुर देहात चोरों से पुलिस की मुठभेड़

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बदमाशों ने की फायरिंग

31 जुलाई को मूसानगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ऑटो लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश किसी नई वारदात की फिराक में गजनेर से चांदपुर रोड स्थित अतबलपुर तिराहे की ओर जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर उन्हें रुकने की चेतावनी दी, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश हिमांशु यादव (22 वर्ष) पुत्र करण यादव, निवासी लक्ष्मीबाई नगर पुखरायां (स्थायी पता: ग्राम सरौटा प्रथम, मूसानगर) के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके दूसरे साथी शुभम (25 वर्ष) पुत्र रामबाबू, निवासी ग्राम चकचालपुर (थाना भोगनीपुर) को पुलिस ने मौके से दौड़ाकर दबोच लिया। घायल अभियुक्त को तत्काल हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

अवैध असलहे, कारतूस व लूटा गया सामान बरामद

पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 2 अदद अवैध तमंचे 315 बोर, 4 खोखा कारतूस, 1 मिस कारतूस 315 बोर, पीड़ित का टूटा हुआ मोबाइल, वादी का आधार कार्ड तथा ऑटो (संख्या UP78MN3053) की आरसी की छायाप्रति बरामद की है। लूट का ऑटो रिक्शा पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

पुलिस ने दर्ज किया जानलेवा हमले का मुकदमा

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 25 जुलाई की रात ऑटो की चोरी/लूट की घटना उन्होंने ही अंजाम दी थी और शुक्रवार को वे पुनः किसी नई वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने और अवैध असलहे बरामद होने पर मूसानगर थाने में अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 73/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:

  • प्रभारी निरीक्षक: संजय कुमार (थानाध्यक्ष मूसानगर)

  • उप निरीक्षक: अवधेश कुमार, रजनीश कुमार

  • मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल): सतीश कुमार, प्रवीण कुमार

  • आरक्षी (कांस्टेबल): सुमित कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार (थाना मूसानगर, कानपुर देहात)

Related Articles

AD
Back to top button