कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: पीएसी कर्मी के घर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार; एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन व जेवर बरामद

बाइक की किश्त भरने के लिए शातिर ने बंद मकान को बनाया था निशाना, मंगलपुर पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी के पास से दबोचा

अमन यात्रा लाइव (कानपुर देहात)। जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने झींझक के कैनाल रोड स्थित एक पीएसी कर्मी के बंद मकान में हुई चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, सोने-चांदी के आभूषण, तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और नगदी बरामद की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झींझक के वार्ड नंबर 20 इंदिरा नगर कैनाल रोड निवासी श्रीमती रंजना दुबे (पत्नी यतेंद्र दुबे) ने थाना मंगलपुर में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार 2 अगस्त की रात उनके बंद पड़े मकान में चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामले में धारा 331(4)/305ए बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

 

मंगलपुर थाना प्रभारी के निर्देशन में झींझक चौकी प्रभारी अवनीश कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को कांशीराम कॉलोनी लगरथा रोड के पास से अभियुक्त अभिषेक दुबे उर्फ प्रदुम्न दुबे (22) पुत्र अरुणेश कुमार उर्फ गुड्डू दुबे (निवासी ओमनगर, झींझक) को दबोच लिया।

 

बाइक की किश्त भरने के लिए की थी चोरी

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपनी मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए कैनाल रोड पर बंद पड़े पीएसी कर्मी के मकान को निशाना बनाया था। चोरी किया गया सामान उसने कांशीराम कॉलोनी के पास छिपाकर रखा था और मंगलवार को उसे ठिकाने लगाने की फिराक में था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

 

बरामदगी: पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक वाशिंग मशीन, एक एलईडी टीवी, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने की कील, एक थैले में स्टेबलाइजर का तांबे का तार, ₹300 नगद और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

सराहनीय कार्य करने वाली टीम में झींझक चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अवनीश कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, कांस्टेबल दिग्विजय सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार शामिल रहे।

Related Articles

AD
Back to top button