परिषदीय स्कूलों के समय में बदलाव: 10 अगस्त से सुबह 8 बजे से खुलेंगे विद्यालय
जनपद के परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया

कानपुर देहात। जनपद के परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी सोमवार यानी 10 अगस्त 2026 से सभी विद्यालय अपने पूर्व निर्धारित शैक्षणिक समय पर संचालित होंगे। अब सभी स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगे। इसमें सुबह 8 बजे से 8:15 बजे तक प्रार्थना सभा और योगाभ्यास कराया जाएगा। यह नियम बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रण वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा। इससे पहले प्रदेश में अत्यधिक गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया गया था। अब मौसम में आए बदलाव और गर्मी से मिली राहत को ध्यान में रखते हुए शासनादेश के नियमों के तहत 1 अप्रैल से 30 सितंबर वाले सामान्य शैक्षणिक समय को पुनः लागू कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस समय सारणी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इस आदेश का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।



