कानपुर देहात: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिलाधिकारी ने बच्चों को खिलाई कृमिनाशक दवा, अभियान का किया शुभारंभ
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए अभियान का हुआ आगाज

कानपुर देहात: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट श्री कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, नबीपुर में छात्र-छात्राओं को कृमिनाशक दवा खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को निर्धारित कृमिनाशक दवा अवश्य खिलाएं, ताकि बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान में अभिभावकों एवं संबंधित विभागों की सहभागिता आवश्यक है।
अभियान को सफल बनाने के लिए जनपदवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, एसीएमओ डा0 सुखलाल वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी ड0 आईएच खान, पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्य सहित सम्बन्धित अधिकारीगण व विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकायें, छात्र-छात्रायें आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढे- मंगलपुर में 80 हजार नगदी समेत कीमती जेवरात पार,सोता रहा परिवार



