कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: अमेजन पार्सल धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश करने पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को मिला प्रशस्ति-पत्र
एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में किया सम्मानित, 7 थानों में अत्याधुनिक 'ई-मालखाना पोर्टल' की भी हुई शुरुआत

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात पुलिस ने प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए ‘अमेजन पार्सल धोखाधड़ी’ गिरोह का सफल पर्दाफाश किया है। गिरोह का पर्दाफाश करने, उत्कृष्ट कानून-व्यवस्था और कुशल नेतृत्व के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा जोनल कार्यालय कानपुर में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जांच में सामने आया कि गिरोह के शातिर अभियुक्त फर्जी नाम-पते और फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल कर अमेजन से महंगे सामान ऑनलाइन ऑर्डर करते थे। डिलीवरी प्रक्रिया के दौरान वे चालाकी से ऑर्डर निरस्त कर कंपनी से पूरा रिफंड हासिल कर लेते थे। इसके बाद ‘हीट गन’ की मदद से पार्सल को बिना नुकसान पहुंचाए खोलकर मूल सामान निकाल लेते थे और उसमें डमी सामान भरकर पैकेट को दोबारा सील करके कंपनी कार्यालय में जमा करा देते थे। मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में 02 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में नकद धनराशि 8 लाख रुपये, 03 अदद मोबाइल फोन, फर्जी आईडी पर आधारित 06 अदद सिम कार्ड, 01 दोपहिया व 01 चारपहिया वाहन बरामद किया गया है। इसके अलावा अभियुक्तों के बैंक खातों में जमा लगभग 2 लाख रुपये की राशि को पुलिस द्वारा फ्रीज करा दिया गया है।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान एडीजी कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद के 07 थानों के लिए आधुनिक ‘ई-मालखाना पोर्टल’ का औपचारिक शुभारंभ भी किया। इस प्रणाली के तहत प्रत्येक केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक QR कोड के साथ पंजीकृत किया जाएगा। साक्ष्य बॉक्स पर थाना, अपराध संख्या, दिनांक एवं आइटम कोड दर्ज रहेगा, जिसे स्कैन करते ही केस प्रॉपर्टी का पूरा ब्योरा तुरंत स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। इससे थानों में माल के रख-रखाव में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित ट्रैकिंग सुनिश्चित होगी। इस विशेष अवसर पर कानपुर जोन के समस्त जनपद प्रभारी, आईजी झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



