कानपुर देहात: इग्नू द्वारा संचालित कोर्स में प्रवेश को लेकर जन जागरूकता वेबिनार आयोजित
मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से हर वर्ग तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का संकल्प, एबीसी और डीईबी आईडी से प्रवेश प्रक्रिया अनिवार्य
पुखरायां: कानपुर देहात कस्बा के रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय पुखरायां कानपुर देहात में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ( इग्नू ) के प्रोग्राम को जन जन तक पहुंचाने हेतु इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा अध्ययन केंद्र के साथ मिलकर वर्चुअल मोड वेबीनार का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ अनिल कुमार मिश्रा ने करते हुए कहा कि आज की यह जन-जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित किया गया है।आज शिक्षा केवल नियमित कक्षा तक सीमित नहीं है। बदलते समय में ऐसे शिक्षण माध्यम की आवश्यकता है, जो विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं, गृहिणियों, ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं तथा उन सभी लोगों तक शिक्षा की पहुंच बनाए, जो किसी कारणवश नियमित महाविद्यालय में अध्ययन नहीं कर पाते। इसी उद्देश्य की पूर्ति में इग्नू की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इग्नू के माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन कर सकते हैं। विभिन्न स्तरों पर प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा अन्य कार्यक्रम उपलब्ध हैं। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा का उद्देश्य शिक्षा को अधिक सुलभ, लचीला और व्यापक बनाना है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को इग्नू के पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन पद्धति, परीक्षा व्यवस्था और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की सही जानकारी दी जाए। अनेक विद्यार्थी जानकारी के अभाव में उच्च शिक्षा के अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
हमें विद्यार्थियों को यह संदेश देना चाहिए कि शिक्षा प्राप्त करने के लिए परिस्थितियां बाधा नहीं, बल्कि सही अवसर की पहचान आवश्यक है। यदि किसी विद्यार्थी के सामने नियमित शिक्षा जारी रखने में कठिनाई है, तो उसे उपलब्ध वैकल्पिक एवं मान्य शिक्षण अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। कार्यक्रम की कन्वीनर डॉ अनामिका सिन्हा इग्नू की वेबसाइट कैसे प्रयोग करना है इसका वर्चुअल टूर प्रेजेंटेशन के माध्यम से कराया साथ ही कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को इग्नू में प्रवेश लेने के लिए एबीसी आईडी एवं डीईबी आईडी के आधार पर प्रवेश लेना है। इग्नू अनेक ऐसे कोर्स संचालित करता है जो वर्तमान की आवश्यकता है।
डॉ रीना कुमारी निदेशक ने कहा कि कोई भी विद्यार्थी इग्नू के किसी भी कोर्स को किसी भी उम्र में कर सकता है साथ ही बताया कि यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार विद्यार्थी एक साथ दो डिग्री कोर्स कर सकता है। निदेशक डॉ जयप्रकाश वर्मा ने व्यवसायिक प्रबंधन आदि के कोर्स पर चर्चा करते हुए कहा कि इग्नू के कोर्स आपकी वर्तमान आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा करते है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो हरीश कुमार सिंह ने इग्नू द्वारा संचालित कोर्स की सराहना करते हुए बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को इग्नू द्वारा संचालित किसी न किसी रोजगार परक कोर्स में प्रवेश लेकर अपने करियर को ऊंची उड़ान दे सकते हैं।
डॉ पर्वत सिंह ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मैं विशेष रूप से विद्यार्थियों से कहना चाहूंगा कि अपने भविष्य को लेकर गंभीर बनें। अपनी रुचि, योग्यता और करियर की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त पाठ्यक्रम का चयन करें और इग्नू की आधिकारिक जानकारी के आधार पर प्रवेश एवं अध्ययन से संबंधित निर्णय लें।हमारा लक्ष्य होना चाहिए—
“शिक्षा हर व्यक्ति तक, अवसर हर युवा तक और ज्ञान समाज के प्रत्येक वर्ग तक।”
ये भी पढे- अब AI बनाएगा करियर! इग्नू की वर्कशॉप में छात्रों को बताए सफलता के नए फॉर्मूले



