कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: परिषदीय स्कूलों में कल होगा रैपिड ऑडिट, परिसर चमकाने के सख्त निर्देश

स्वतंत्रता दिवस से पहले स्कूलों की बदलेगी सूरत, बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने जारी किए 15 सूत्रीय कड़े दिशा-निर्देश

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के सभी परिषदीय स्कूलों की सूरत बदलने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने एक बड़ा आदेश जारी किया है। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में 14 अगस्त 2026 को सभी सरकारी विद्यालयों में एक विशेष रैपिड ऑडिट चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सभी स्कूल परिसरों को पूर्णतः स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना है। बीएसए द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस ऑडिट के तहत स्कूलों की व्यवस्था जांचने के लिए 15 मुख्य बिंदु तय किए गए हैं जिन पर युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिसके तहत स्कूल प्रांगण को पूरी तरह साफ-सुथरा रखने। छतों पर पानी के निकास की सही स्थिति सुनिश्चित करने। स्कूल की छतों पर उगे पेड़-पौधों को तुरंत साफ करने को कहा गया है। इसके अलावा कमरों में किसी भी प्रकार की सीलन नहीं होनी चाहिए। छात्रों के लिए साफ पीने के पानी की व्यवस्था जांची जाएगी। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग साफ और पूरी तरह क्रियाशील शौचालय होने अनिवार्य हैं। हाथ धोने के लिए उचित प्रबंध होने चाहिए। बिजली के कनेक्शन और उपकरणों के संचालन की जांच भी होगी।

चिन्हित जर्जर भवनों पर निषप्रयोज्य/प्रवेश निषेध का बोर्ड अनिवार्य रूप से लिखा होना चाहिए। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू का कड़ाई से पालन हो। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठकें और सक्रियता देखी जाएगी।सभी छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा मिला है या नहीं इसकी समीक्षा होगी। स्कूल ग्रांट के खर्च और उसके उपयोग की प्रतिशत स्थिति की जांच भी होगी। प्री-प्राइमरी यानी बाल वाटिका के संचालन की स्थिति परखी जाएगी। स्कूलों में किचन गार्डन के निर्माण और उसकी देखरेख की स्थिति देखी जाएगी।

बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सभी शिक्षक समय से स्कूल पहुंचकर पठन-पाठन सुनिश्चित कराएं। विद्यालय के जरूरी कार्यों की योजना बनाकर तुरंत काम शुरू किया जाए। आदेश में साफ कहा गया है कि इन सभी 15 बिंदुओं पर काम करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

 

 


ये भी पढे- कानपुर देहात: परिषदीय स्कूलों में आयोजित होगा ग्रीन ओलंपियाड-2026  


 

Related Articles

AD
Back to top button