कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: सीडीओ के निरीक्षण में खुली प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी की पोल: बिना सूचना नदारद शिक्षामित्र से स्पष्टीकरण तलब, प्रधानाध्यापक को फटकार
श्याम सुंदरपुर विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे सीडीओ, 19 में से सिर्फ 3 बच्चे मिले उपस्थित।

मलासा (कानपुर देहात): प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने विकासखंड मलासा के प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र श्याम सुंदरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में भारी खामियां मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और अनुपस्थित शिक्षामित्र से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सर्वप्रथम आंगनबाड़ी केंद्र श्याम सुंदरपुर का जायजा लिया, जहां 19 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष मात्र 3 बच्चे उपस्थित मिले। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में 68 पंजीकृत बच्चों में से केवल 49 छात्र मौजूद पाए गए। निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार उपस्थित मिले, जबकि शिक्षामित्र अजय कुमार बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाध्यापक द्वारा उनके बीआरसी जाने की बात कहे जाने पर सीडीओ ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को संबंधित शिक्षामित्र का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के कड़े निर्देश दिए।
शिक्षण सामग्री न मिलने और बाल मैत्री पेंटिंग के अभाव पर फटकार
कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान बच्चों में बुनियादी शिक्षा के स्तर में कमी पाई गई। कक्षाओं में बाल शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) न मिलने और परिसर में बाल मैत्री पेंटिंग न होने पर सीडीओ ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई तथा स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और सभी का स्कूल यूनिफॉर्म में आना अनिवार्य किया जाए।
सीडीओ ने कक्षाओं, शौचालयों और पेयजल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही मिड-डे मील और पाठ्य सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को रुचिकर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए और शिक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता मिलने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



