कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: गुरुगांव गोशाला में सीसीटीवी नदारद देख भड़के सीडीओ: बीडीओ-सचिव को फटकार, 2 दिन में कैमरे लगाने का अल्टीमेटम
गोशाला में सीसीटीवी न मिलने पर बीडीओ-सचिव पर बरसे सीडीओ, टीकाकरण रजिस्टर मेंटेन न होने पर पशु चिकित्साधिकारी को चेतावनी।

मलासा (कानपुर देहात): मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने विकास खंड मलासा स्थित गुरुगांव अस्थायी गो-आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में सीसीटीवी कैमरे न लगे होने और अभिलेखीय खामियों पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं सचिव को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही दो दिन के भीतर कैमरे लगाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय गो-आश्रय स्थल में 58 गोवंश संरक्षित मिले। मौके पर 80 क्विंटल भूसा और 8 क्विंटल पशु आहार मौजूद पाया गया, जो गोवंशों को खिलाया जा रहा था। सीडीओ ने गोवंश के रख-रखाव, चारे की उपलब्धता और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा पशुओं को मानक के अनुरूप पौष्टिक हरा चारा व आहार देने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर पशु चिकित्साधिकारी को वेतन रोकने की चेतावनी
गोवंश टैग पंजिका की जांच के दौरान गो-आश्रय पोर्टल पर अपलोड सूची और टीकाकरण की प्रति रजिस्टर में चस्पा नहीं मिली। इस पर सीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारी को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि विवरण को तुरंत रजिस्टर में दर्ज कराएं, अन्यथा कारण बताओ नोटिस जारी कर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने प्रतिदिन गोबर निस्तारण के लिए वर्मी पिट बनाकर खाद तैयार करने और उसे उचित दर पर किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि गोवंश संरक्षण और गोशाला संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीडीओ स्वयं नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखें।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।



