कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

युवा कपड़ा कारोबारी की मौत पर बवाल: 12 घंटे से अधिक समय बीता, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन जारी; तहरीर देने से किया मना

जिठरौली चौराहे पर डटे परिजन व ग्रामीण, मुख्यमंत्री को बुलाने व पुलिस अफसरों पर केस की मांग पर अड़े; भारी पुलिस बल तैनात

सरवनखेड़ा, कानपुर देहात (अमन यात्रा)। गजनेर थाना क्षेत्र के डूडादेव गांव निवासी 24 वर्षीय रेडीमेड कपड़ा कारोबारी अमन सिंह भदौरिया की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद बुधवार को भारी बवाल खड़ा हो गया। आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार सुबह 8 बजे से गजनेर-रायपुर मार्ग स्थित जिठरौली चौराहे पर टेंट लगाकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। समाचार लिखे जाने तक 12 घंटे से भी अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने के साथ ही अकबरपुर सीओ, गजनेर थाना प्रभारी और पामा चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं। वहीं, परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने से साफ मना कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भी नहीं उठाने दे रहे हैं।
दुकान बंद कर लौटते समय हुआ था लापता
मंगलवार शाम अमन दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। उसके साथ उसके मामा का पुत्र और भतीजा भी चल रहे थे। निनायां मोड़ के पास अमन ने फोन आने पर बाइक रोक दी। साथ चल रहे लोग यह समझकर आगे निकल गए कि वह पीछे से आ जाएगा। काफी देर तक उसके न पहुंचने पर परिजनों ने संपर्क साधा, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
सड़क किनारे लहूलुहान मिला था युवक, हत्या का आरोप
तलाश करने पर अमन निनायां और टड़वारा गांव के बीच सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता त्रिपुरा पुलिस में तैनात हैं। परिजनों का सीधा आरोप है कि 4 सितंबर को सरवनखेड़ा में हुए एक पुराने विवाद को लेकर अमन की सुनियोजित हत्या की गई है। परिजन इस मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
12 घंटे से लगा है जाम, तहरीर देने से इनकार
बुधवार सुबह 8 बजे से ही जिठरौली चौराहे पर शव रखकर शुरू हुआ यह प्रदर्शन रात तक जारी रहा। 12 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी आक्रोशित लोग सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों ने हत्या का अभियोग पंजीकृत करने का आश्वासन दिया, लेकिन परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने से साफ मना कर दिया। परिजनों की जिद है कि पहले संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो और शीर्ष नेतृत्व मौके पर पहुंचे।
कई थानों का फोर्स तैनात, मान-मनौव्वल में जुटे अधिकारी व नेता
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एडीएम, एसडीएम, एएसपी और सीओ अकबरपुर सहित गजनेर, भोगनीपुर, रनियां, मूसानगर और मंगलपुर थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। गजनेर मुख्य चौराहे और सरवनखेड़ा में बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया गया है। मौके पर एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरसेन यादव ने पहुंचकर परिजनों को समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देर रात तक गतिरोध बरकरार रहा। पुलिस और प्रशासनिक अफसर लगातार वार्ता कर जाम खुलवाने की कोशिश में जुटे हैं।

Related Articles

AD
Back to top button