कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
यातायात पुलिस का सघन अभियान: स्लीपर बसों में जांची गई यात्रियों की सुरक्षा, मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई
हाईकोर्ट के निर्देश पर कानपुर देहात में चला विशेष चेकिंग अभियान; फायर उपकरण, इमरजेंसी गेट और चालकों की हुई जांच

कानपुर देहात: यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के कड़े निर्देशों के अनुपालन में, कानपुर देहात यातायात पुलिस ने 15-16 अक्टूबर की रात्रि स्लीपर बसों की सघन चेकिंग का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले से गुजरने वाली और अन्य जनपदों से आने वाली सभी स्लीपर बसों के सुरक्षा मानकों को बारीकी से परखा गया।
चेकिंग अभियान के दौरान मुख्य रूप से बसों में अग्निशमन उपकरण (Fire Extinguisher), इमरजेंसी गेट की स्थिति व कार्यशीलता, ADAS प्रणाली, और किसी भी प्रकार की संदिग्ध व ज्वलनशील सामग्री की सघन जांच की गई। इसके अलावा चालकों व कंडक्टरों के लाइसेंस चेक किए गए और ब्रेथ एनालाइजर (Breath Analyzer) के माध्यम से चालकों के नशे की जांच भी की गई।
यातायात पुलिस ने इस दौरान यात्रियों से भी बात की और उन्हें आपातकालीन स्थितियों (जैसे इमरजेंसी गेट के इस्तेमाल) के प्रति जागरूक किया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए यह रात्रि चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।



