प्रयागराजउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूजलखनऊ

सहायक अध्यापक के 12,405 पदों पर भर्ती: ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर तक बढ़ी

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को दी राहत; 31 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन संशोधन

Story Highlights
  • लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं; पूर्व निर्धारित तिथियों 3 व 4 दिसंबर 2026 को ही होगी परीक्षा

लखनऊ/ प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से सम्बद्ध प्राइमरी तथा बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय नगरीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 12,405 पदों पर चयन हेतु चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अब अभ्यर्थी 28 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

विज्ञापन संख्या- 05/2026 के माध्यम से सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) के 897 पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। पूर्व में ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 तथा आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी, जिसे छात्रहित के दृष्टिगत संशोधित करते हुए विस्तारित किया गया है।

संशोधित समय-सारिणी के अनुसार महत्वपूर्ण तिथियां निम्नवत हैं:

ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा करने की संशोधित अंतिम तिथि: 28 अक्टूबर 2026

ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की संशोधित अंतिम तिथि: 31 अक्टूबर 2026

आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन व संशोधन की अंतिम तिथियों में वृद्धि के बावजूद लिखित परीक्षा की तिथियों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 03 एवं 04 दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी विस्तृत दिशा-निर्देशों एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।

 

Related Articles

AD
Back to top button