कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: ‘परिवार जागृति’ अभियान ने फिर जोड़ा एक बिखरा घर, काउंसलिंग से पति-पत्नी में हुआ समझौता

एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी सर्किल में लगा 'परिवार परामर्श केंद्र'

कानपुर देहात : पारिवारिक कलह और छोटे-छोटे विवादों के कारण टूटते रिश्तों को बचाने के लिए कानपुर देहात पुलिस का ‘परिवार जागृति’ अभियान वरदान साबित हो रहा है। रविवार (8 नवंबर 2026) को पुलिस अधीक्षक (SP) श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी सर्किल स्तर पर विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और परामर्शदाताओं की सूझबूझ से एक परिवार टूटने से बच गया और दोनों पक्षों ने गिले-शिकवे भुलाकर एक साथ रहने का फैसला किया।
सभी सर्किल में लगीं चौपालें, सुनी गईं समस्याएं पारिवारिक विवादों के त्वरित और मानवीय समाधान के लिए जिले के सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन), सर्किल रसूलाबाद (थाना शिवली), सर्किल डेरापुर (थाना डेरापुर), सर्किल भोगनीपुर (थाना भोगनीपुर) और सर्किल सिकन्दरा (थाना सिकन्दरा) में ‘परिवार जागृति’ केंद्रों का आयोजन किया गया। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पति-पत्नी और पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। दोनों पक्षों की निष्पक्ष, संवेदनशील और धैर्यपूर्ण काउंसलिंग कर उन्हें संवाद के जरिए विवाद खत्म करने के लिए प्रेरित किया गया।
एक परिवार में हुआ सफल समझौता
काउंसलिंग के दौरान सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन) में एक दंपति के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर समझाया गया, जिसके बाद आपसी सहमति से उनके बीच समझौता हो गया। इस प्रकार आज एक परिवार को कोर्ट-कचहरी के चक्कर से बचाकर पुनः एक सूत्र में जोड़ दिया गया।
अन्य मामलों में दी गई अगली तारीख
जिन मामलों में आज सहमति नहीं बन पाई, उनमें प्रभावी रूप से काउंसलिंग करते हुए दोनों पक्षों को सोचने का समय दिया गया है और अगली तारीख तय की गई है। एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय का स्पष्ट निर्देश है कि पारिवारिक मामलों में कानूनी कार्रवाई से पहले काउंसलिंग के जरिए परिवारों में संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता स्थापित करने का पूरा प्रयास किया जाए।

Related Articles

AD
Back to top button