कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में रूह कंपाने वाली वारदात: जिसे विदा कराने आया था, उसी पत्नी ने पकड़वाए हाथ… ससुर ने सिलबट्टे से दामाद को उतारा मौत के घाट!

सुबह ससुर ने ही पुलिस को दी थी झूठी सूचना, सीओ अकबरपुर बोले- बाप-बेटी हिरासत में

कानपुर देहात : अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव में दीपावली की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक ससुर ने अपनी बेटी के साथ मिलकर दामाद की सिलबट्टे से सिर कूटकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का चश्मदीद मृतक का 12 साल का बेटा बना, जिसने सुबह पुलिस के सामने हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी। पुलिस ने ससुर और मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
पत्नी के साथ जाने से मना करने पर शुरू हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, शिवली निवासी 35 वर्षीय रिंकू उर्फ अजय कश्यप की शादी 15 साल पहले कमीर गांव के शिवनारायण कश्यप की बेटी सुनीता (30) के साथ हुई थी। दंपति के चार बेटे- अमित (12), सुमित (9), ऋतिक (7) और वतन (5) हैं। रिंकू खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पड़ोसियों के मुताबिक, सुनीता की तबीयत खराब होने के कारण वह करीब 20 दिन पहले अपने मायके (कमीर गांव) आ गई थी। रविवार की रात रिंकू अपनी पत्नी और बच्चों को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था।
हाथापाई के बीच ससुर ने कर दिया सिलबट्टे से जानलेवा हमला बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे पत्नी सुनीता ने साथ जाने से मना कर दिया, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। ससुर शिवनारायण ने बीच-बचाव किया, तो रिंकू भड़क गया और ससुर से उसकी हाथापाई हो गई। मृतक के 12 वर्षीय बेटे अमित ने बताया कि मामा और मामी ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई शांत नहीं हुआ। इसके बाद नाना (शिवनारायण) बाहर से शराब पीकर लौटे और विवाद फिर बढ़ गया। हाथापाई के दौरान मम्मी (सुनीता) ने पापा (रिंकू) को कसकर पकड़ लिया और नाना ने घर में रखे भारी सिलबट्टे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, बेटे ने खोला राज हत्या के बाद रातभर शव घर में ही पड़ा रहा। सुबह ससुर शिवनारायण कश्यप ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को फोन कर झूठी सूचना दी कि उनके दामाद का शव घर में पड़ा है। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस के सामने जब 12 वर्षीय बेटे अमित ने हकीकत बयां की, तो बाप-बेटी की पूरी साजिश बेनकाब हो गई।
क्या बोली पुलिस (CO अकबरपुर का बयान) इस पूरी घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) अकबरपुर, संजय कुमार सिंह ने बताया कि, “आज दिनांक 09.11.2026 को शिवनारायण कश्यप ने सूचना दी थी कि उनके घर पर उनके दामाद रिंकू उर्फ अजय कश्यप का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर और एफएसएल (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन कर मृतक का पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”
सीओ ने आगे बताया कि, “नाती के बयान और प्राथमिक छानबीन में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के विवाद के दौरान ससुर द्वारा दामाद के सिर पर हमला कर हत्या की गई है। संदिग्ध परिजनों (ससुर और पत्नी) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।”

Related Articles

AD
Back to top button