कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: दीपावली की रात खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमले में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, दो घायल
बाघपुर चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज

कानपुर देहात: शिवली कोतवाली क्षेत्र के बाघपुर ग्रामसभा के मजरा लुधौरा गांव में दीपावली की रात एक खूनी संघर्ष में 65 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। इस जानलेवा हमले में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना से त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला जानकारी के अनुसार, मृतक रामबाबू के बेटे वेदप्रकाश ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे उनके पिता रामबाबू (65 वर्ष), गांव के ही पंकज और ध्रुव के साथ दीपावली के मौके पर पंकज के पिता लालाराम से मिलने जा रहे थे। रास्ते में एक सुनसान जगह पर गांव के ही रहने वाले संजय उर्फ कैलाश बाबू, मनीष और उसके भाई परवेंद्र ने उन्हें घेर लिया। वेदप्रकाश के आरोप के मुताबिक, हमलावरों ने रंजिशन धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में रामबाबू, पंकज और ध्रुव खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। परिजन गंभीर रूप से घायल रामबाबू को आनन-फानन में कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामबाबू की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। पत्नी राम बेटी, बेटे वेदप्रकाश और बेटियों रीना व पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच (चौकी प्रभारी का बयान) वारदात की सूचना मिलते ही बाघपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बाघपुर चौकी प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक के बेटे वेदप्रकाश की तहरीर पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी।



