कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात को मिली नई युवा महिला IPS: दो बार UPSC क्रैक करने वाली कशिश कालरा की हुई तैनाती
फायर ब्रिगेड ऑफिसर की बेटी कशिश कालरा हैं यूपी कैडर (2025 बैच) की आईपीएस अधिकारी।

- लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ीं और हरियाणा की रहने वाली कशिश ने UPSC 2025 में हासिल की थी 96वीं रैंक।
- जिले की कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई ऊर्जा, महिलाओं से जुड़े अपराधों पर नकेल कसने की उम्मीद।
सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: कानपुर देहात पुलिस महकमे को एक नई, तेजतर्रार और युवा महिला आईपीएस (IPS) अधिकारी मिल गई हैं। उत्तर प्रदेश कैडर (2025 बैच) की आईपीएस अधिकारी कशिश कालरा को कानपुर देहात में नई तैनाती दी गई है। अपनी मेहनत और लगन से लगातार दो बार यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा क्रैक कर इतिहास रचने वाली कशिश कालरा की तैनाती से जिले की कानून-व्यवस्था के और अधिक सुदृढ़ होने की पूरी उम्मीद है।
पिता फायर ऑफिसर, बेटी बनी IPS
हरियाणा के यमुनानगर की मूल निवासी कशिश कालरा का सफर जिले के युवाओं और युवतियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली कशिश के पिता गुलशन कालरा फायर डिपार्टमेंट में अधिकारी हैं। कशिश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई यमुनानगर के एक प्राइवेट स्कूल से की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली का रुख किया। दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (Lady Shri Ram College for Women) से ग्रेजुएशन करने के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।
UPSC में दिखाया अपना दमखम
कशिश कालरा ने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली यूपीएससी परीक्षा को न सिर्फ पास किया, बल्कि लगातार दो साल इसे क्रैक कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया। उन्होंने साल 2025 की यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 96वीं रैंक (AIR-96) हासिल की थी, जबकि इससे पिछले प्रयास में उन्होंने 111वीं रैंक के साथ सफलता पाई थी।
महिलाओं को मिलेगी हिम्मत और न्याय
एक युवा और होनहार महिला आईपीएस अधिकारी की तैनाती से जिले में महिलाओं की सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को बड़ा बल मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि उनके आने से विशेषकर महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में तेजी आएगी और पीड़ित महिलाओं को पुलिस विभाग से न्याय व त्वरित मदद मिलने में आसानी होगी।



