आदर्श और क्रियाशील बालवाटिका बनाना ही हमारा मिशन : बीएसए
हस्तपुस्तिका में दी गई गतिविधियों पर आधारित हो 4 घंटे का शिक्षण कार्य

- इसीसीई प्रशिक्षण के दूसरे दिन बीएसए ने ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षकों को दिए निर्देश
कानपुर देहात। बीआरसी अकबरपुर के सभागार में जारी इसीसीई प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों से वार्ता कर प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आप सभी का बालवाटिका संचालन में महत्वपूर्ण योगदान रहने वाला है। शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना है, आदर्श और क्रियाशील बाल वाटिका बनाना ही हमारा मिशन होना चाहिए। पेयर्ड हो चुके विद्यालयों में भी शिक्षामित्र द्वारा 5 से 6 वर्ष के बच्चों के साथ बालवाटिका का संचालन किया जाएगा।
बालवाटिका में हस्तपुस्तिका आधारित 4 घंटे का शिक्षण कार्य अनिवार्य रूप से किया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि परियोजना द्वारा दी जा रही सामग्री भली भांति प्रदर्शित हो। बाल वाटिका के लिए दी जा रही सामग्री बच्चों की पहुंच में हो और नोडल शिक्षक कक्षा शिक्षण में उसका प्रयोग करें।
एसआरजी अनंत त्रिवेदी ने जादुई पिटारा की 28 प्रकार की शिक्षण सामग्री से परिचय कराते हुए विकास के प्रत्येक क्षेत्र की किसी न किसी गतिविधि से जोड़ते हुए कक्षा शिक्षण के दौरान उसके प्रयोग के विषय में बताया। प्रशिक्षक हरे कृष्ण तिवारी ने हस्तपुस्तिका की 9 इकाई, दैनिक योजना और वार्षिक योजना, निपुण तालिका और समग्र प्रगति पत्र के विषय में प्रशिक्षकों की समझ स्पष्ट की।
इस दौरान डीसी निपुण देवेश धर दुबे, एसआरजी अनंत त्रिवेदी, प्रशिक्षक हरे कृष्ण तिवारी, वंदना, किरन, सुनीता वैस, मोनिका मिश्रा, शिक्षक संकुल मनु श्रीवास्तव, ऋतु साहनी, आकांक्षा कटियार, शहनाज बेगम, दिव्या, मनोज मिश्रा, प्रवीण द्विवेदी, सलिल द्विवेदी विनीत मिश्रा हिमांशु गुप्ता, यदुनाथ सिंह, सुनील गुप्ता, सैयद फरहान, दीपक, नौशाद अहमद आदि ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षक उपस्थित रहे।



