उत्तरप्रदेशकानपुरफ्रेश न्यूजलखनऊ

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, एस. राजलिंगम बने कानपुर के नए मंडलायुक्त, 6 जिलों के डीएम भी बदले

के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी कमिश्नर की जिम्मेदारी, ग्रेटर नोएडा और यूपीसीडा (UPSIDA) के सीईओ में भी बड़ा बदलाव, देखें पूरी सूची

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार 16 नवंबर 2026 को प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। up ias transfer list 2026 के तहत कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों सहित प्रदेश के छह जनपदों भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के दायित्वों में भी बड़ा बदलाव किया गया है।

कानपुर और वाराणसी के कमिश्नर बदले, सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार

शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन को स्थानांतरित कर वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। उनके पास रहे उद्योग, हथकरघा व वस्त्रोद्योग तथा वस्त्र निगम संबंधी दायित्वों से उन्हें अवमुक्त करते हुए वाराणसी के मंडलायुक्त रहे एस. राजलिंगम को कानपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड, स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड, सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड का प्रबंध निदेशक तथा उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

ग्रेटर नोएडा और यूपीसीडा (UPSIDA) के सीईओ में अदला-बदली

औद्योगिक विकास के मोर्चे पर भी सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), स्थानिक आयुक्त तथा आयुक्त एनसीआर के पद पर तैनात रविकुमार एन.जी. को अब उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। दूसरी ओर, यूपीसीडा के सीईओ रहे डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त तथा आयुक्त एनसीआर नियुक्त किया गया है।

6 जिलों को मिले नए जिलाधिकारी, सीएम कार्यालय में भी तैनाती

तबादला सूची में छह जनपदों के जिलाधिकारियों में फेरबदल किया गया है। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी तथा भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया है। भदोही के डीएम रहे शैलेश कुमार को चंदौली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में राजस्व परिषद लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त रमेश रंजन को गोंडा का जिलाधिकारी बनाया गया है और गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। नगर विकास विभाग में स्थानांतरणाधीन विशेष सचिव उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन. को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां के पद पर भेजा गया है।

इसके अलावा नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि श्रावस्ती की डीएम रहीं अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। शामली के डीएम आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है और उनके स्थान पर ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। up ias transfer list 2026 जारी होने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


ये भी पढे-  यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कानपुर देहात और कानपुर नगर में कई नायब तहसीलदारों का तबादला, देखें पूरी लिस्ट


Related Articles

AD
Back to top button