उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूजलखनऊ

चुनाव से पहले बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा उलटफेर, कानपुर देहात से 8 बीईओ रवाना और 9 नए अफसरों को मिली कमान

वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह को औरैया जनपद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। आगामी चुनावों की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के कड़े दिशा-निर्देशों पर उत्तर प्रदेश शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। सोमवार को शासन द्वारा जारी की गई तबादला सूची में पूरे प्रदेश के कुल 496 खंड शिक्षा अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है जिसका सीधा और व्यापक असर कानपुर देहात जनपद की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ा है।

इस बड़े फेरबदल के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में लंबे समय से तैनात आठ खंड शिक्षा अधिकारियों को गैर-जनपद स्थानांतरित कर दिया गया है जबकि उनके स्थान पर पड़ोसी जिलों से नौ नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। शासन की ओर से विशेष सचिव लाल मणि यादव द्वारा जारी आदेश के क्रम में अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों के औपचारिक आदेश तत्काल निर्गत कर उन्हें नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराया जाए।

जिले से स्थानांतरित हुए 8 खंड शिक्षा अधिकारियों में सर्वाधिक तीन अधिकारियों को पड़ोसी जनपद कानपुर नगर भेजा गया है जिनमें अजीत प्रताप सिंह, चंद्रजीत सिंह और शैलेश कुमार द्विवेदी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मनोज कुमार सिंह और ईश्वर कांत मिश्र का तबादला फर्रूखाबाद जनपद के लिए किया गया है जबकि सपना सिंह और अशोक कुमार सिंह को इटावा भेजा गया है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह को औरैया जनपद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दूसरी ओर कानपुर देहात के परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने के लिए विभिन्न जनपदों से नौ नए खंड शिक्षा अधिकारियों को यहां भेजा गया है। इनमें कानपुर नगर और इटावा जनपद से तीन-तीन अधिकारी शामिल हैं। कानपुर नगर से शालिनी गुप्ता, कृष्ण कुमार और सत्य प्रकाश का तबादला कानपुर देहात किया गया है जबकि इटावा से शिवेश कुमार, उदय राज सिंह और जय पाल सिंह को जिले में तैनाती मिली है।

इनके अलावा फतेहपुर से विनोद कुमार, उन्नाव से शुचि गुप्ता और औरैया से प्रवीण कुमार को भी कानपुर देहात स्थानांतरित किया गया है। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर हुए इन तबादलों के बाद अब जिले के सभी विकास खंडों में नए सिरे से कार्य आवंटन और प्रशासनिक समीकरण बदलना तय माना जा रहा है।

Related Articles

AD
Back to top button