कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात में एनएच-19 पर भीषण हादसा: बालाजी से लौट रही श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकराई, 2 की मौत, 22 घायल
मेहंदीपुर बालाजी (राजस्थान) से दर्शन कर उन्नाव लौट रहे थे 33 श्रद्धालु।

- सिकंदरा क्षेत्र में ओवरटेक करने के दौरान सरसों के तेल से लदे ट्रक में पीछे से घुसी बस।
- हादसे में उन्नाव के 2 लोगों की मौके पर ही मौत, 22 घायल; 12 को जिला अस्पताल माती रेफर किया गया।
- दुर्घटना के बाद बस चालक अमन खान मौके से फरार, हाइड्रा की मदद से बस और ट्रक को किया गया अलग।
बृजेंद्र तिवारी,कानपुर देहात: थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर बृहस्पतिवार (19 नवंबर 2026) भोर में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी से दर्शन कर श्रद्धालुओं को लेकर उन्नाव लौट रही एक निजी ट्रैवल बस आगे चल रहे सरसों के तेल से लदे ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 22 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया।
भोर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चम्पापुरवा (उन्नाव) निवासी सर्वेश गुप्ता ने ‘जायसवाल बस सेवा’ (स्वामी विनय जायसवाल, उन्नाव) की निजी ट्रैवल बस संख्या UP 35 CT 8765 को बुक कराया था। इसमें 03 बच्चों, 17 महिलाओं और 13 पुरुषों समेत कुल 33 यात्री 12 नवंबर को दर्शन के लिए राजस्थान गए थे। बुधवार (18 नवंबर) की रात करीब 08:30 बजे सभी लोग मेहंदीपुर बालाजी (दौसा, राजस्थान) से वापस उन्नाव के लिए रवाना हुए थे।
बृहस्पतिवार तड़के करीब 04:30 बजे सिकंदरा थाना क्षेत्र में खोजाफूल-महटोली (राजस्थानी ढाबा) के पास औरैया बॉर्डर के समीप एनएच-19 पर बस ने आगे चल रहे सरसों के तेल से लदे ट्रक संख्या JH 02 AK 9641 को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद बस चालक अमन खान (निवासी उन्नाव) मौके से फरार हो गया।
इन दो लोगों की हुई मौत
इस सड़क हादसे में बस में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
-
कृष्णवीर सिंह उर्फ ठाकुर (उम्र 48 वर्ष), पुत्र हरनाम सिंह, निवासी चम्पापुरवा, थाना गंगाघाट, उन्नाव (स्थायी निवासी- ग्राम समसापुर बालामऊ, कछौना, हरदोई)।
-
रामानन्द यादव उर्फ रामा यादव (उम्र 55 वर्ष), पुत्र कृष्ण यादव, निवासी चम्पापुरवा, शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, उन्नाव।
राहत और बचाव कार्य
सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस, उच्चाधिकारी, फायर ब्रिगेड और हाईवे पेट्रोलिंग की टीमें मौके पर पहुंचीं। हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को अलग किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे दोनों मृतकों के शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही शुरू की है।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी, 12 जिला अस्पताल रेफर सभी 22 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 12 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल माती रेफर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। राहत की बात यह है कि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
रेफर किए गए घायल (जिला अस्पताल माती): शशांक (19), सीता (50), शिवम गुप्ता (19), वंश गुप्ता (18), लक्ष्मी गुप्ता (25), गुड़िया (40), पुष्पा (60), सुमन तिवारी (50), राजू गुप्ता (55), गुड़िया (45), राजू कुमार (50) और सर्वेश गुप्ता।
सीएचसी सिकंदरा में उपचाराधीन घायल: सुभावती, ललिता (40), साधना मिश्रा (40), उमा सिंह (56), अंकित तिवारी (30), गिरिजा देवी (50), रामबक्स (55), बबली (50), सुहानी (21) और बेबी (40)।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर एनएच-19 पर यातायात सामान्य करा दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर (प्रार्थना पत्र) के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।



