कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

DM ने हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत की बैठक, दिये कड़े निर्देश

नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी

कानपुर देहात: वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में तैनात जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं सह केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद के कुल 83 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा इण्टरमीडिएट की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संपन्न होगी।

जनपद में हाईस्कूल के 25,053 एवं इण्टरमीडिएट के 24,557 सहित कुल 49,610 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु 10 जोनल मजिस्ट्रेट, 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 83 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 83 केन्द्र व्यवस्थापक तथा 83 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि में अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सतत निरीक्षण करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा 163 का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा केन्द्रों के निकट स्थित फोटोकॉपी/प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा अवधि में बंद रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील अवस्था में रहें तथा उनका कंट्रोल रूम से सतत अनुश्रवण किया जाए। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर ही खोले जाएं तथा परीक्षा कक्ष के भीतर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या परीक्षार्थी द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। समस्त मोबाइल फोन एक सीलबंद/ताला बंद बॉक्स में सुरक्षित रखवाए जाएं।

जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, फर्नीचर की समुचित व्यवस्था तथा विद्युत आपूर्ति का बैकअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी बोर्ड द्वारा जारी निर्देशिका का भली-भांति अध्ययन कर लें और उसी के अनुरूप कार्यवाही करें। किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)अमित कुमार द्वारा सभी अधिकारियों को बोर्ड के विस्तृत दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया तथा परीक्षा से संबंधित दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसका नंबर 94544 57 387, 930 540 7737, 700 708 4001 है। किसी भी सहायता के लिए इन नंबरों पर कॉल किया जा सकता है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य,जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चौधरी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े-  इग्नू ने एक बार फिर प्रवेश एवं पुनः प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई: डॉ अनिल कुमार मिश्रा

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button