kanpur dehat: टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक करेंगे प्रदर्शन
13 अप्रैल को दर्जनों संगठन निकालेंगे मशाल जुलूस

राजेश कटियार,कानपुर देहात। विकासखंड झींझक में अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर ब्लॉक स्तरीय समन्वय समिति की बैठक बुलाई गई जिसमें टेट के विरोध में 13 अप्रैल को मशाल जुलूस के लिए माती मुख्यालय पहुंचने की अपील की गई एवं उपस्थित शिक्षकों ने मशाल जुलूस में उपस्थित रहने का आश्वासन दिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एल.बी.सिंह ने कहा कि टेट प्रकरण को लेकर अनेकों संगठन देशभर में लगातार आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार लाखों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने पर ध्यान नहीं दे रही है। जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि 25 से 35 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर नियम विरुद्ध तरीके से टीईटी की अनिवार्यता थोपी जा रही हैं जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
विशिष्ट बीटीसी संघ के जिला मंत्री धीरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पूरा शिक्षक समाज संगठनवाद से ऊपर उठकर टीईटी के खिलाफ एकजुट हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ 13 अप्रैल को देशभर के जिला मुख्यालयों पर आंदोलन किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक पाल ने कहा कि कि जब तक सेवारत शिक्षकों पर से अव्यवहारिक टीईटी अनिवार्यता कानून समाप्त नहीं हो जाता तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अटेवा के ब्लॉक मंत्री बृजेश कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में मशाल जुलूस में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार पाल, धर्मेंद्र सिंह संगठन मंत्री, विमल सचान उपाध्यक्ष, सचिन शुक्ला, रविंद्र सविता, प्रमोद कुमार, उमेश चंद्र, प्रियंका चतुर्वेदी, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, प्रदीप त्रिवेदी, रुचि दुबे, शालिनी गुप्ता, सुमन यादव, अमित कुमार गुप्ता, सुमन लता यादव, शक्ति सिंह एवं अन्य संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- kanpur dehat news: टेट अनिवार्यता के खिलाफ 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर शिक्षक करेंगे आंदोलन



