कानपुर देहात: खेत में घास काटने पर विवाद, किसान के पेट में हंसिया घोंपने वाले आरोपी और किशोर गिरफ्तार
भोगनीपुर पुलिस ने बढौली मोड़ के पास से किया गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल हंसिया बरामद

कानपुर देहात: जनपद के भोगनीपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुगांव में खेत में बोई तिली की फसल और घास काटने को लेकर हुए विवाद में किसान पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित एक अभियुक्त और एक विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 5 अगस्त 2026 की है, जब गुरुगांव निवासी अजीत सिंह सचान अपने खेत पर तिली की फसल देखने गए थे। वहां गांव के ही रवि कुमार और एक किशोर को खेत में घास काटने के साथ तिली के पौधों को नुकसान पहुंचाते देख उन्होंने मना किया। इस बात से बौखलाए आरोपियों में से रवि ने अजीत सिंह को पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने उन पर हंसिया से हमला कर दिया। हमले में किसान के पेट में गंभीर चोटें आईं और आंतें बाहर आ गईं। परिजनों द्वारा उन्हें सीएचसी पुखरायां से जिला अस्पताल और फिर हैलट अस्पताल कानपुर नगर में भर्ती कराया गया।
पीड़ित के पुत्र नवनीत सचान की तहरीर पर भोगनीपुर थाने में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत भोगनीपुर पुलिस टीम (उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह, मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, आरक्षी धनंजय सारस्वत व पवन कुमार) ने 7 अगस्त को सुबह करीब 10:05 बजे बढौली मोड़ के पास हाईवे से 24 वर्षीय आरोपी रवि कुमार पुत्र छोटेलाल उर्फ बैराठी और 16 वर्षीय किशोर को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि गाली-गलौज के बाद आवेश में आकर हंसिया मार दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: गजनेर में ट्रक चालक ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या,परिजनों में मचा कोहराम



