kanpur news: फिल्मी अंदाज में साइबर क्राइम गिरोह को घेरकर पकड़ा
बीस सदस्य गिफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

- ड्रोन से की निगरानी, एक्टिवेट सिम मोबाइल लैपटाप बरामद
अवध दीक्षित,घाटमपुर (कानपुर)। पुलिस ने रेवना थानाक्षेत्र में काफी समय से संचालित बड़े साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की पांच टीमों ने एक साथ फिल्मी अंदाज में घेराबंदी की और गिरोह के बीस सदस्यों को धर दबोचा। कारवाई से पहले गिरोह की ड्रोन से निगरानी की गई।
गिरोह के सदस्य भोले भाले ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, रसोई गैस सिलेंडर और बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर रोजाना लाखों रुपए की आनलाइन ठगी कर रहे थे। इतना ही नहीं गिरोह के सदस्य आनलाइन साइबर अरेस्टिंग के जरिए भी लाखों रुपए के वारे न्यारे कर रहे थे। गिरोह का आन लाइन संजाल देश-प्रदेश के कई भागों में फैला हुआ था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने अपना जाल बिछाया तो गिरोह की लोकेशन रेवना थाना क्षेत्र में मिली।
एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके की अगुवाई में 17 गाड़ियों में पहुंचे पुलिस के 70 जवानों ने घेराबंदी करने के साथ ही लाउडहेलर से गिरोह को चेतावनी दी। इसके बाद उनको पकड़ा गया। पकड़े गए सदस्यों के कब्जे से सैकड़ों एक्टिवेटेड सिम कार्ड, लैपटाप, इलेक्ट्रानिक डिवाइस और एक एक ठग के नाम 20 से लेकर 50 तक म्यूल अकाउंट बरामद हुए।
पकड़े गए सदस्यों में रठिगांव, बढ़ैला, दहेली, लक्ष्मणपुर, मछैला, पुलंदर और कन्हईपुर बसौरा आदि गांवो के युवक शामिल हैं। थाना रेवना में कुल 38 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में घेराबंदी करके जाल बिछाए है।
गिरोह के सदस्य इंटर पास भी नहीं
घाटमपुर। क्लर्क से लेकर पीसीएस और दरोगा से लेकर आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को साइबर ठगी के जाल में फंसाकर लाखों रुपए कमाने वाले गिरोह के सदस्य मात्र प्राथमिक विद्यालय की शिक्षा प्राप्त किए पाए गए। बताया गया कि जो युवक सबसे अधिक शिक्षित मिला वह मात्र ग्यारहवीं कक्षा तक पढ़ा है।
आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान
घाटमपुर। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 16 स्मार्ट मोबाइल फोन, 04 कीपैड फोन, 12 फर्जी आधार कार्ड, 01 एटीएम कार्ड व तलाशी में 4480 रुपए नकद बरामद हुए हैं।
ये भी पढ़े- kanpur dehat news : शादी के महज 45 दिन बाद टूटी सांसों की डोर, फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव



