kanpur dehat news : शादी के महज 45 दिन बाद टूटी सांसों की डोर, फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव
पति के काम पर लौटते ही खम्हैला गांव में मचा कोहराम, रंजना की मौत से उठे सवाल

- फोरेंसिक टीम और नायब तहसीलदार ने मौके पर की जांच, इलाके में फैली सनसनी
कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के खम्हैला गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। शादी के अभी महज डेढ़ महीने ही बीते थे कि घर की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अमेठी ड्यूटी पर गया था पति, पीछे से हो गई वारदात
मृतका की पहचान रसूलाबाद के नकटवापुर निवासी महेंद्र पाल की 22 वर्षीय पुत्री रंजना के रूप में हुई है। रंजना का विवाह करीब 45 दिन पहले खम्हैला निवासी कृष्ण कुमार उर्फ टिंकू पाल के साथ हुआ था। टिंकू अमेठी की एक चीनी मिल में कार्यरत हैं और एक सप्ताह की छुट्टी बिताकर दो दिन पहले ही वापस ड्यूटी पर गए थे। पति के जाने के कुछ ही घंटों बाद रंजना का यह कदम कई अनुत्तरित सवाल छोड़ गया है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
आज बुधवार सुबह जब काफी देर तक रंजना कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने खिड़की से झांका। अंदर का मंजर देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा और नायब तहसीलदार डेरापुर जितेंद्र द्विवेदी तत्काल मौके पर पहुंचे। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



