कानपुर देहात में बिजली विभाग की लापरवाही से लाइनमैन झुलसा,हालत गंभीर
शटडाउन के बीच अचानक विद्युत आपूर्ति चालू होने से हुआ हादसा

कानपुर देहात: जनपद में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है।जैनपुर स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शटडाउन लेकर फाल्ट ठीक कर रहे लाइनमैन गुंजन अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं।
जबकि साथी कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गुंजन वैना नलकूप लाइन का फॉल्ट ठीक करने के लिए उपकेंद्र पर कार्य कर रहे थे।उन्होंने नियमानुसार पहले शट डाउन लिया था और मौके पर उनके सहयोगी सूरज व प्रदीप भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काम के दौरान अचानक बिना सूचना हाई वोल्टेज सप्लाई चालू हो गई।
जिससे खंभे पर काम कर रहे गुंजन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।हादसे में उनके शरीर में कई जगह जलन और गंभीर चोटें आईं हैं।हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने उन्हें उपचार के लिए राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां मौजूद चिकित्सक ने उनकी हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चिकित्सकों के मुताबिक गुंजन की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना ने बिजली विभाग पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र में लाइनमैनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के चलते आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं और उनकी सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है।उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है।
ये भी पढ़े- तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की भिडंत, हादसे में ट्रक चालक घायल



