कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रनिया औद्योगिक क्षेत्र में आयकर विभाग का बड़ा छापा: नमकीन फैक्ट्री की तीन यूनिटों पर एक साथ कार्यवाही

भारी सुरक्षा बल के साथ पहुँचे अधिकारियों ने अभिलेख और कंप्यूटर कब्जे में लिए।

कानपुर देहात के रनिया औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर आयकर विभाग (Income Tax) की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक नमकीन निर्माता कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी की। विभाग की इस अचानक हुई कार्यवाही से पूरे औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने रायपुर-गजनेर मार्ग और पेरोजोर रोड स्थित फैक्ट्री की तीन अलग-अलग यूनिटों पर एक साथ धावा बोला।

लग्जरी बस और कारों के काफिले के साथ पहुँची टीम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय लगभग सात-आठ कारों और एक लग्जरी बस में सवार होकर आयकर अधिकारी श्यामपुर गांव से पेरोजोर मार्ग पर स्थित फैक्ट्री परिसर पहुँचे। टीम के साथ सुरक्षा के लिए भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल भी मौजूद था। कार्यवाही शुरू होते ही फैक्ट्री के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया और बाहर सशस्त्र जवानों को तैनात कर दिया गया।

दस्तावेज और कंप्यूटर कब्जे में, अंदर बाहरी लोगों का प्रवेश बंद

छापेमारी के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री के कार्यालय से महत्वपूर्ण अभिलेख, बही-खाते और कंप्यूटर हार्डवेयर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार्यवाही के दौरान फैक्ट्री मालिकों, प्रबंधकों और कर्मचारियों को परिसर के अंदर ही रोक लिया गया। अधिकारियों ने किसी भी व्यक्ति के बाहर जाने या बाहरी व्यक्ति के अंदर आने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।

देर शाम तक चली इस कार्यवाही के संबंध में इंस्पेक्टर रनिया शिवनारायण सिंह ने बताया कि उन्हें विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई सूचना नहीं दी गई है, हालांकि स्थानीय स्तर पर छापेमारी की जानकारी प्राप्त हुई है। खबर लिखे जाने तक आयकर विभाग की टीम फैक्ट्री के भीतर दस्तावेजों की सघन जांच में जुटी हुई थी।

ये भी पढ़े- रनियां पुलिस की बड़ी कार्यवाई: 50 लाख का अवैध गांजा बरामद, प्लास्टिक बर्तन बेचने की आड़ में कर रहे थे तस्करी 

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button