राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: कानपुर देहात में नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर अधिकारियों ने की व्यक्तिगत काउंसलिंग

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद कानपुर देहात में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज 22 जनवरी को परिवहन विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
प्रवर्तन अधिकारियों ने बारा, जैनपुर, भोगनीपुर, सिकंदरा और अकबरपुर क्षेत्रों में दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों की व्यक्तिगत काउंसलिंग की और उन्हें यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।
जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी प्रवर्तन कार्यवाही भी की गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के 46, बिना सीट बेल्ट के 17 और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वाले 4 चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा, बिना परमिट, अनधिकृत संचालन और नशे में वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) जैसे गंभीर मामलों में भी वाहनों को बंद करने और चालान की कार्यवाही की गई। विशेष रूप से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले नियम विरुद्ध साइलेंसर लगे 08 वाहनों पर भी लगाम कसी गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है, इसलिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: राजपुर के गुरदही बुजुर्ग में कांग्रेस ने लगाई मनरेगा बचाओ चौपाल



