कानपुर देहात: रसूलाबाद में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या,परिजनों में मचा कोहराम
सुबह 4 बजे बेटे ने फंदे से लटका देखा पिता का शव, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात: जनपद के रसूलाबाद कस्बे के सुभाष नगर में शनिवार भोर पहर एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान 34 वर्षीय अरुण सविता पुत्र जगदीश के रूप में हुई है।उन्होंने शनिवार सुबह करीब चार बजे अपने घर के बरामदे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
अरुण अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और घर पर ही बाल काटने की दुकान चलाते थे।अरुण की पत्नी ऊषा देवी गुरुवार को दवा लेने तिर्वा गईं थीं।जिसके बाद अपने मायके चंदा निवादा चली गईं।उनके साथ उनका सबसे छोटा बेटा अनुराग 5 वर्ष भी मौजूद था।शनिवार सुबह परिजनों ने फोन पर अरुण की मौत की सूचना दी।घर पर उनके दो बेटे नंदलाल और माखन मौजूद थे।सुबह करीब चार बजे नंदलाल ने अपने पिता का शव फंदे से लटका देखा तो शोर मचाया।
शोर सुनकर परिजन तथा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।बच्चों ने अपनी मां और मामा को घटना की जानकारी दी।जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे।घटना की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज राजेश प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।कोतवाल शिवनारायन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: हर बच्चे को कृमि से सुरक्षा, स्वस्थ बचपन हमारी जिम्मेदारी



