रसूलाबाद में अवैध तमंचा-कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, छह मुकदमों का है आपराधिक इतिहास
अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार

कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रसूलाबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 19/20 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर थाना रसूलाबाद पुलिस टीम ने ग्राम कटरा गोपालपुर मोड़ के पास चेकिंग की। इसी दौरान करीब रात दो बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम सिंह उर्फ बड़े कुरील (करीब 40 वर्ष), पुत्र कल्लू, निवासी ग्राम तिश्ती, थाना रसूलाबाद, कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ थाना रसूलाबाद में मु0अ0सं0 363/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
छह मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2011 से 2026 तक कुल छह मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। इनमें आर्म्स एक्ट के दो मामले, मारपीट सहित अन्य धाराओं में दर्ज मामले और वर्ष 2011 का धारा 307 भादवि से संबंधित मुकदमा शामिल है।
पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक केशव देव, चौकी प्रभारी तिश्ती, कांस्टेबल सूर्यसेन, कांस्टेबल सरवरे आलम और रिजर्व कांस्टेबल गजेन्द्र शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शस्त्रों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



