शिक्षाउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

उल्लास साक्षरता परीक्षा में 8 हजार से अधिक नवसाक्षरों ने रचा इतिहास, 771 केंद्रों पर दी परीक्षा

कानपुर देहात में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 771 केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा, 8 हजार से अधिक नवसाक्षरों ने दिखाई सीखने की ललक।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में निरक्षरता का अंधेरा मिटाने की मुहिम रविवार को एक नया इतिहास रचने में सफल रही जहाँ बेसिक शिक्षा विभाग की देखरेख में जिले के सभी 10 विकासखंडों में बनाए गए जिला कारागार समेत 771 परीक्षा केंद्रों पर 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के कुल लक्ष्य 10376 के सापेक्ष 8238 नवसाक्षरों ने अपनी मेहनत और संकल्प का प्रमाण देते हुए साक्षरता परीक्षा दी।

शिक्षकों और वालंटियरों के निरंतर मार्गदर्शन से पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में उपयोगी बुनियादी गणितीय ज्ञान (संख्यात्मक कौशल) सीख चुके इन परीक्षार्थियों में परीक्षा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने इस आयोजन को नवसाक्षरों के जीवन में बदलाव की एक बड़ी शुरुआत बताते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा आधिकारिक साक्षरता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा ताकि वे अपने दैनिक जीवन में अधिक आत्मविश्वास से आत्मनिर्भर बन सकें।

यह संपूर्ण परीक्षा सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी शिव कुमार के कुशल नेतृत्व और जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अश्वनी कुमार आनंद, जिला समन्वयक (एमआईएस) विनय विश्वकर्मा तथा अजीत कुमार की देखरेख में जिले भर में शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न हुई।

Related Articles

AD
Back to top button