परिषदीय स्कूलों के छात्रों ने किया शैक्षणिक भ्रमण: सीएसए विश्वविद्यालय के गौरव स्थल और विभागों का किया अवलोकन
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत अकबरपुर के 100 छात्र पहुंचे कानपुर

राजेश कटियार,कानपुर देहात। अकबरपुर विकासखंड के परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने सीएसए विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। अकबरपुर खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बसों को हरी झंडी दिखाकर 100 छात्रों को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक परिवेश को बेहतर बनाने व बच्चों की विद्यालय में रूचि पैदा करने के उद्देश्य से सरकारी स्तर पर तमाम प्रयास किए जा रहे हैं इसी के अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत कक्षा 6 से 8 तक चयनित किए गए छात्रों को एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए कानपुर भेजा गया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण छात्रों की वैज्ञानिक सोच को विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का भ्रमण बच्चों को कृषि विज्ञान और आधुनिक शोध से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने में सहायक होगा। विभाग द्वारा आने-जाने के लिए बस की व्यवस्था व बच्चों के लिए स्नैक्स, पानी और भोजन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अकादमिक रिसोर्स पर्सन अमित कुमार तिवारी, ज्ञान बाबू, महाराज सिंह व शिक्षक नवजोत यादव, अवशेष कुमार, कंचन कामिनी, श्वेता सचान आदि की उपस्थिति में बच्चों ने सुरक्षित और ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया। शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को उनके सामान्य शैक्षिक पाठ्यक्रम से इतर व्यावहारिक और ऐतिहासिक जानकारी देना है जिससे वे भारतीय धरोहरों और ऐतिहासिक स्थलों को न केवल देखें बल्कि उनके महत्व को समझें और उनसे प्रेरणा लें। एक्सपोजर विजिट से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ती है एवं आलोचनात्मक सोच संबंधी कौशल विकसित होता है।



