kanpur dehat news: टेट अनिवार्यता के खिलाफ 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर शिक्षक करेंगे आंदोलन
मलासा ब्लॉक के देवीपुर में रणनीति तैयार करने के लिए शिक्षकों की बड़ी बैठक संपन्न।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। टेट अनिवार्यता के विरोध में आगामी 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर होने वाले विशाल आंदोलन को लेकर मलासा ब्लॉक में रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।बैठक मदर इंडिया पब्लिक स्कूल देवीपुर मलासा में सम्पन्न हुई जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मलासा ब्लॉक से अधिक से अधिक संख्या में शिक्षक आंदोलन में प्रतिभाग करेंगे ताकि अपनी मांगों को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जा सके। यह आंदोलन अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के बैनर तले आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न शिक्षक संगठन एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष देवेंद्र सचान ने की जबकि संचालन एवं रणनीति निर्माण में अटेवा के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कुलदीप सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बैठक में प्रमुख रूप से शिरीश सचान, नीरा सचान, मधुसूदन यादव, सोनू, विवेक कटियार, मुख्तार अहमद, मनोरमा गुप्ता, लक्ष्मी पोरवाल, अश्वनी कटियार, अनुषा बाजपेयी, गौरी सचान सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि टेट अनिवार्यता शिक्षकों के हितों के विपरीत है और इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी शिक्षकों ने 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर आयोजित आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।



