विधायक के आशियानें को चोरों ने बनाया अपना निशाना, विधानसभा में छा गई ये बात
क्षेत्र में विधायक श्रीमती पूनम संखवार के गोपालपुर कहिंजरी स्थित शुभ लग्न पैलेस गेस्ट हाउस से कीमती आभूषण और नकदी चोरी होने की घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

- विधायक के गेस्ट हाउस से लाखों के आभूषण और नकदी चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। रसूलाबाद क्षेत्र की विधायक श्रीमती पूनम संखवार के गोपालपुर कहिंजरी स्थित शुभ लग्न पैलेस गेस्ट हाउस से कीमती आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात ने न सिर्फ विधायक को झटका दिया है, बल्कि स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्यालय से हुई चोरी
शुभ लग्न पैलेस में विधायक पूनम संखवार का कार्यालय भी स्थित है, जिसकी देखरेख गौरव सिंह पुत्र अनंत प्रताप सिंह निवासी वार्ड नं० 7 सुभाष नगर रसूलाबाद करते हैं। गौरव सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को जब विधायक के निजी कक्ष को खोला गया, तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। कमरे की जांच करने पर पता चला कि वहाँ से सोने के चार कड़े, एक सोने की अंगूठी, एक कंपनी लोग निज की कलाई घड़ी, और एक लेडीज पर्स, जिसमें लगभग ₹1,50,000 नकद व कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, चोरी हो गए हैं।
कर्मचारी पर संदेह, हुआ लापता
गौरव सिंह ने तहरीर में चोरी का प्रारंभिक संदेह विधायक कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी आनंद पाल पुत्र जगत सिंह निवासी वार्ड नं० 3 सिंहपुर झीझक कानपुर देहात पर जताया है। आनंद पाल पिछले करीब दो वर्षों से विधायक कार्यालय में कार्यरत था। घटना के बाद से ही वह लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
विधायक ने जताई नाराज़गी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। चोरी के समय विधायक पूनम संखवार लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह में शामिल होने गई हुई थीं। जानकारी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। विधायक ने कहा कि आनंद पाल लंबे समय से उनके यहाँ काम कर रहा था और उस पर पूरा भरोसा था। उन्होंने यह भी बताया कि घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इसलिए किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश संभव नहीं है। चोरी अलमारी के अंदर से की गई है, जो बिना अंदरूनी जानकारी के संभव नहीं थी।
आम जनता में सुरक्षा को लेकर चिंता
विधायक आवास में हुई इस चोरी की वारदात ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। आम लोगों में यह सवाल उठने लगा है कि जब क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का आवासीय परिसर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की संपत्ति कितनी सुरक्षित होगी। लोगों का कहना है कि यह घटना प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती नजर आ रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी
इस मामले पर प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि गौरव सिंह की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विधायक आवास में हुई यह चोरी रसूलाबाद क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।



