कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने की जनपदीय स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा, दिए निर्देश

गर्भवती महिलाओं व बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करायें सुनिश्चित: जिलाधिकारी

Story Highlights
  • हीटवेव के दृष्टिगत अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थायें की जायें सुनिश्चित: जिलाधिकारी
  • जनपद में संचालित प्राइवेट नर्सिंगहोमों की करायी जाये जांच: जिलाधिकारी

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में जनपदीय स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने, मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाने तथा जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाये तथा मातृत्व मृत्यु के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग की जाये। सभी एमओआईसी को संस्थागत प्रसव बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिये गये, साथ ही आरसीएच पोर्टल पर अद्यतन डाटा अपलोड करने के भी निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आरबीएसके टीम कमजोर एवं कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करे।

उन्होंने जनपद में संचालित प्राइवेट नर्सिंगहोमों एवं अस्पतालों की टीम गठित कर संघन जांच कराने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई नर्सिंगहोम निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाये। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को मेडिकल कॉलेज में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित सुविधायें छात्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने टीवी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत गांवों में जाकर संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में टीकाकरण, आभा आईडी, टीवी उन्मूलन, तम्बाकू उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी एवं सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से सम्बन्धित अद्यतन आंकड़े एवं प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना अथवा कार्यक्रम में लापरवाही अथवा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न पाये जाने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। हीटवेव के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने, ओआरएस की पर्याप्त उपलब्धता रखने, कोल्ड रूम की व्यवस्था करने तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

साथ ही आमजन को हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करने एवं “क्या करें, क्या न करें” संबंधी प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर कराने के निर्देश भी दिये गये। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा० ए०के० सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, एसीएमओ डा० सुखलाल वर्मा, डिप्टी सीएमओ डा० आशीष बाजपेयी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं सभी एमओआईसी उपस्थित रहे।


ये भी पढे – कानपुर: मंदिरों से मोहल्लों तक पहुंची जनगणना टीम, शुरू हुई भवनों की गिनती


 

Related Articles

AD
Back to top button