उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूजलखनऊ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नई शिक्षक भर्ती की सुगबुगाहट तेज, ग्रामीण और नगर क्षेत्रों में 60 हजार से अधिक पद रिक्त

दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल खाली पदों की संख्या 60,958 बैठती है।

राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों के 60000 से अधिक पद खाली पड़े हैं, जिन्हें भरने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। ​हाल ही में विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शासन की ओर से रिक्त पदों और नियुक्तियों से जुड़े आंकड़े जारी किए गए हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सहायक अध्यापकों (सीधी भर्ती) के 48883 पद रिक्त हैं जबकि नगर क्षेत्रों में 12075 पद खाली चल रहे हैं।

​इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नगर क्षेत्र के 11508 पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जा चुका है। अब इन पदों पर भर्ती की आगामी कार्यवाही आयोग द्वारा ही पूरी की जाएगी।

​सरकार द्वारा दिए गए विवरण के अनुसार वर्ष 2017 से लेकर 9 मार्च 2026 तक राज्य में कुल 5,35,389 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया गया है जबकि 1,26,371 अभ्यर्थियों को शिक्षक के पद पर सफलतापूर्वक नियुक्ति दी जा चुकी है। ​लंबे समय से नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों डीएलएड, बीटीसी और बीएड पास अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है। अधियाचन भेजे जाने की पुष्टि के बाद अब सभी अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग द्वारा जल्द ही जारी किए जाने वाले आधिकारिक विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया की तारीखों पर टिकी हुई है।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: देवराहट ग्राम पंचायत में 6.53 लाख की वित्तीय अनियमितता सिद्ध, जिलाधिकारी ने दिए प्रधान के निलंबन और वसूली के निर्देश


 

Related Articles

AD
Back to top button