जनगणना 2027 फेज-2 की अधिसूचना जारी, जानिए आपके क्षेत्र में कब से शुरू होगी गिनती
पहाड़ी और बर्फबारी वाले इलाकों के लिए जारी हुआ विशेष शेड्यूल

दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय ने आगामी जनगणना को लेकर एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले और गैर-समकालिक क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही है।
इन चिन्हित क्षेत्रों में जनसंख्या की गणना 1 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की जाएगी। इसके बाद छूटे हुए लोगों और सुधार के लिए 1 अक्टूबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक पुनरीक्षण राउंड चलाया जाएगा। आम नागरिकों को घर-घर जाकर होने वाली गणना से ठीक पहले यानी 17 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक खुद से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज (स्व-गणना) करने का विकल्प भी मिलेगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कौन-कौन से बर्फबारी वाले और कठिन क्षेत्र इस सूची में शामिल हैं, इसका पूरा विवरण भारतीय जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। यह आदेश भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी किया गया है।
ये भी पढे- जनगणना में लगे कार्मिकों को शीघ्र मानदेय भुगतान के निर्देश जारी



