उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में लंबित विवेचनाओं पर सख्त हुईं एसपी, विवेचकों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

अकबरपुर, रनियां, गजनेर, सिकंदरा व मंगलपुर थानों की समीक्षा बैठक में चार्जशीट, चेकिंग अभियान और पैदल गश्त पर विशेष जोर

कानपुर देहात।जनपद में अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में विवेचकों का अर्दलीय रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में थाना अकबरपुर, रनियां, गजनेर, सिकंदरा एवं मंगलपुर के विवेचक शामिल रहे। समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही न्यायालयों में आरोप पत्र (चार्जशीट) निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। एसपी ने आवेदन-पत्रों, शिकायती प्रार्थना-पत्रों, अंतिम प्रतिवेदन सहित अन्य सभी प्रकरणों का भी विधिसम्मत एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। बैठक में चौकी एवं हल्का प्रभारियों को भी कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं स्थानों की नियमित और सघन चेकिंग अभियान चलाने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित पैदल गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग, त्वरित विवेचना और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण ही पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

AD
Back to top button