इटारा बाजार में सनसनीखेज चोरी: एस. दी. ग्रेट ज्वैलर्स से 13 लाख के जेवर पार
कानपुर नगर के सचेण्डी थाना क्षेत्र के व्यस्त इटारा बाजार में एक दुस्साहसिक चोरी की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को हिला कर रख दिया है। बीते 2 मई, 2025 की मध्यरात्रि के करीब, लगभग 12 बजे, अज्ञात चोरों ने एस. दी. ग्रेट ज्वैलर्स को अपना निशाना बनाया।

- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात दो चोरों पर मुकदमा दर्ज
कानपुर नगर के सचेण्डी थाना क्षेत्र के व्यस्त इटारा बाजार में एक दुस्साहसिक चोरी की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को हिला कर रख दिया है। बीते 2 मई, 2025 की मध्यरात्रि के करीब, लगभग 12 बजे, अज्ञात चोरों ने एस. दी. ग्रेट ज्वैलर्स को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर दुकान का शटर उखाड़कर अंदर घुसे और लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के चांदी के बेशकीमती बर्तन और सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित मालिक ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने शुरू की गहन पड़ताल
घटना के शिकार हुए दुकान मालिक अनीश अहमद, जो कि सीढ़ी गांव के निवासी हैं, ने तत्काल सचेण्डी थाने में पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उनकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात दो चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अनीश अहमद ने बताया कि उनकी इटारा बाजार स्थित दुकान में हुई इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार बिष्ट ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस घटना को गंभीरता से ले रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे चोरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
दो दिन बाद भी सुराग नहीं, पीड़ित ज्वैलर्स मालिक बेहाल
हालांकि, चोरी की घटना को 48 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। इस स्थिति से निराश और हताश ज्वैलर्स मालिक अनीश अहमद ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि इस चोरी ने उनकी कमर तोड़ दी है और उनका सब कुछ लुट गया है। स्थानीय व्यापारियों में भी इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है और वे पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इस सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश कर पाती है।



