कानपुर देहात: लगातार मूसलाधार बारिश के बावजूद गुरुवार का अवकाश घोषित न होने से बढ़ा असमंजस, अभिभावक व शिक्षक परेशान
तीन दिन से जारी बारिश से स्कूल परिसर व सड़कें जलमग्न; प्रशासन की ओर से अवकाश का आदेश न आने से छोटे बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और जलभराव की गंभीर स्थिति के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार का अवकाश घोषित न किए जाने से अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों में भारी असमंजस व नाराजगी है।
बारिश से पूरे कानपुर देहात की सड़कें, स्कूल परिसर और निचले इलाके जलमग्न हैं। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी के बावजूद अब तक जिलाधिकारी या बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर से छुट्टी का आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। जलभराव और तेज बारिश के बीच छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में सुरक्षा का डर बना हुआ है।
समय पर सूचना न मिलने से बच्चों को स्कूल भेजें या रोकें, इसे लेकर भारी भ्रम की स्थिति है। अभिभावकों, स्थानीय लोगों और शिक्षक संघों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को रात में या भोर में ही स्पष्ट आदेश जारी कर देना चाहिए ताकि सुबह किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।



