कानपुर देहात में ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,चचेरा भाई गंभीर
भेजा गया जिला अस्पताल, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।मृतक की पहचान सट्टी थाना क्षेत्र के दिबैर गांव के मजरा स्वरूपपुर निवासी 20 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है।
हादसा सट्टी थाना क्षेत्र के लिंक रोड मार्ग पर हुआ।मोहित मंगलवार शाम अपने चचेरे भाई शिवम् के साथ मोटरसाइकिल से शाहजहांपुर गए थे।रात करीब आठ बजे गांव लौटते समय सट्टी व कथरी गांव के बीच में लिंक रोड पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को तत्काल उपचार के लिए पुखरायां सीएचसी लाया गया।
जहां मौजूद चिकित्सक गोविंद प्रसाद ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।वहीं घायल शिवम् को गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।मृतक मोहित के चचेरे भाई संदीप ने बताया कि देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
मृतक मोहित का परिवार खेती किसानी का काम करता है।थाना प्रभारी कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



