UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड ने जारी किया इंटर प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल, दो चरणों में संपन्न होगी परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं की समय-सारिणी घोषित कर दी है।

लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं की समय-सारिणी घोषित कर दी है। सचिव द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश भर में यह परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण की शुरुआत 24 जनवरी 2026 से होगी जो 1 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडलों के जनपदों को शामिल किया गया है।
विशेष रूप से ध्यान देने वाली बात यह है कि 29 और 30 जनवरी को यूपी टीईटी (UP TET) की परीक्षा होने के कारण इन दो दिनों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित नहीं की जाएंगी और विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
दूसरे चरण की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से शुरू होकर 9 फरवरी 2026 तक संचालित होंगी, जिसके अंतर्गत अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडलों के छात्र परीक्षा देंगे। बोर्ड ने परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएं और उनकी रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाए। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्व की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी।
इसके अतिरिक्त, कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी के पहले सप्ताह में ही संपन्न करा ली जाएंगी और संबंधित अंक 10 जनवरी से बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड किए जा सकेंगे।



