कानपुर

मेट्रो ने कानपुर में रखा अपना पहला स्टील स्पैन, दो जगह और रखा जाएगा ये

कानपुर में मेट्रो ट्रैक निर्माण में यू गार्डर की जगह कुछ स्थानों पर स्टील स्पैन का इस्तेमाल किया जा रहा है इससे यातायात सुगम बना रहेगा। रावतपुर तिराहे के बाद अब सीसामऊ नाला और वसंत विहार में स्पैन रखा जाएगा।

कानपुर, अमन यात्रा । मेट्रो ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक रावतपुर तिराहे पर पहला स्टील स्पैन रखा। इस तिराहे पर अधिक ट्रैफिक को देखते हुए जगह छोड़ने के लिए यू गार्डर नहीं लगाया जा सकता था, इसीलिए स्टील स्पैन का इस्तेमाल किया गया। अब दूसरा स्टील स्पैन सीसामऊ नाले और तीसरा वसंत विहार में रखा जाएगा।

आइआइटी से मोतीझील के बीच नौ किलोमीटर लंबे प्राथमिक कारीडोर में काम चल रहा है। यहां रावतपुर तिराहे पर वाहनों का लोड काफी ज्यादा है। एक तरह रेलवे स्टेशन है तो दूसरी तरफ रोडवेज का बस अड्डा। इसे देखते हुए वाहनों के मुड़ने के लिए भी जगह छोड़नी थी। यू गार्डर लगाने पर सड़क पर एक खंभा आ जाता और वाहनों को मुड़ने के लिए जगह नहीं मिल पाती। इसलिए यहां स्टील स्पैन लगाया गया। अभी मोतीझील से आइआइटी जाने वाले रूट पर स्टील स्पैन रखा गया है, जल्द ही आइआइटी से मोतीझील के रूट पर भी स्टील स्पैन रखा जाएगा।

इस तिराहे पर दो खंभों के बीच अंतर को 45 मीटर किया गया। स्टील स्पैन की लंबाई 45 मीटर है, जबकि यू-गार्डर की लंबाई 27 मीटर होती है। यू-गार्डर का वजन लगभग 147 टन होती है वहीं स्टील स्पैन का वजन लगभग 120 टन है। ये स्टील स्पैन हरियाणा के यमुना नगर से मंगवाए गए हैं। इनके पांच हिस्सों को जोड़कर 45 मीटर का स्पैन बनाया गया है। मेट्रो के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कहा कि रावतपुर तिराहे पर ट्रैफिक के भार को देखते हुए स्टील स्पैन रखने की योजना बनाई गई थी।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button